image image image

38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन: अमित शाह बने चीफ गेस्ट

0
30

38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह शुक्रवार, 14 फरवरी को आयोजित किया गया। समारोह के चीफ गेस्ट केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रहे। भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पीटी ऊषा के द्वारा समापन की घोषणा के साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन हो गया। उत्तराखंड ने इन खेलों में 24 स्वर्ण पदकों के साथ रिकॉर्ड 103 पदक अर्जित किए।

HALDWANI: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में अंतराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गोलापार, हल्द्वानी में शुक्रवार को 38वें राष्ट्रीय खेल का समापन समारोह आयोजित किया गया। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने 38वें राष्ट्रीय खेल के समापन की घोषणा की।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में सर्वप्रथम उत्तराखण्ड के चारों धामों के देवी देवताओं को स्मरण कर प्रणाम किया। तत्पश्चात पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व सुषमा स्वराज एवं 14 फरवरी को पुलवामा में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में उत्तराखंड की तारीफ हो रही है। पूरा देश उत्तराखंड द्वारा की गई शानदार व्यवस्थाओं का गुणगान कर रहा है। भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद उत्तराखंड ने इस कार्य को बहुत ही कुशलतापूर्वक सम्पन्न किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 38वें राष्ट्रीय खेलों में इको-फ्रेंडली प्रैक्टिसेज एवं इको फ्रेंडली गेम को धरातल में उतारा गया है। खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि इस राज्य से अब फिर राष्ट्रीय खेल का आयोजन एक पहाड़ी राज्य में होने जा रहा है।  अब नेशनल गेम्स की ये मशाल 2027 में मेघालय में जलेगी। मेघालय के सीएम कानराड संगमा ने यह निर्णय लिया है कि खेलों के आयोजन से पूरे नार्थ ईस्ट को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा गर्व की बात है कि 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत पूरी तरह से तैयार है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के अवसर पर हमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। आज इन खेलों के समापन के अवसर पर हमें देश के गृहमंत्री अमित शाह का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ। उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित किया गया। आयोजन में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करने के साथ ही बिजली के लिए सोलर एनर्जी का उपयोग किया गया। खिलाड़ियों को दिए गए मेडल को ई-वेस्ट और खेल किटों को रीसाइकिल्ड पदार्थों से तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों को सफलतापूर्वक आयोजन के साथ उत्तराखंड ने इन खेलों में 24 स्वर्ण पदकों के साथ रिकॉर्ड 103 पदक अर्जित किए।

केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के साथ-साथ देवभूमि अब खेलभूमि भी बन गई है। आने वाले समय में देश स्पोर्ट्स हब बने इसकी शुरूआत आज से हुई है।

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष  पीटी ऊषा ने कहा कि बहुत कम समय मिलने के बावजूद भी उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेल की हर स्पर्धा का शानदार आयोजन हुआ।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य की रजत जयंती को स्वर्णिम बनाया है। हमारे खिलाड़ियों ने उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में आगे बढ़ाया है। इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद, महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।