CM Pushkar Singh Dhami Pays Tribute to Shaheed Udham Singh on Martyrdom Day | Uttarakhand News
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद ऊधम सिंह को शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति और सेवा के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर), 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आयोजित अखण्ड पाठ में सहभागिता की तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन वीरता, राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश शहीद ऊधम सिंह के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करता है, प्रत्येक भारतीय का मस्तक गर्व से ऊंचा हो जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 अप्रैल 1919 का जलियांवाला बाग नरसंहार भारतीय इतिहास का सबसे दर्दनाक और काले अध्यायों में से एक है। उस अमानवीय घटना में निर्दोष भारतीयों पर की गई बर्बर गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया था। शहीद ऊधम सिंह ने वर्षों तक उस अन्याय की पीड़ा को अपने हृदय में संजोए रखा और अंततः दोषियों को उनके अपराध का दंड देकर विश्व के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अटूट संकल्प का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन केवल एक वीर क्रांतिकारी की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान, साहस और बलिदान का जीवंत संदेश है। उनका जीवन आज भी युवाओं को देशहित को सर्वोपरि रखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा हमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं सत्य, करुणा, भाईचारे, समानता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो समाज और राष्ट्र दोनों के लिए सदैव प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि इन आदर्शों का अनुसरण कर ही एक सशक्त, समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक समृद्धि में सिख समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सिख समाज द्वारा शिक्षा, सेवा, सामाजिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, सिख समाज के गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





