रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

0
6

CM Dhami Unveils Shaheed Udham Singh Statue in Rudrapur, Launches Parking & Infrastructure Projects

मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रपुर में शहीद ऊधम सिंह की 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का किया अनावरण, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

रुद्रपुर, 31 जुलाई 2026। शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। लगभग ₹40 लाख की लागत से निर्मित इस प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध भारतीय अस्मिता के प्रतीक थे। जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लेकर उन्होंने विश्व को यह संदेश दिया कि भारत अपने शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलता। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और समर्पण की प्रेरणा का स्रोत है।

जनसुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर रुद्रपुर में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

उन्होंने ₹120.18 लाख की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना से कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, परिसर का सौंदर्यीकरण होगा तथा वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ₹264.97 लाख की लागत से रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में बनने वाली आधुनिक सरफेस पार्किंग परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद शहर में पार्किंग संकट कम होगा, यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास, शहरी सुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक परियोजना को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा कर आमजन तक उसका वास्तविक लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सड़क, पार्किंग, जल निकासी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आए और प्रदेश सतत विकास की दिशा में आगे बढ़े।

शहीद के परिजनों से किया संवाद

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से पंजाब में निवासरत शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने परिजनों का सम्मान करते हुए कहा कि पूरा उत्तराखंड और देश शहीद ऊधम सिंह के अद्वितीय बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों की स्मृतियों को संजोना और नई पीढ़ी तक उनके आदर्शों को पहुंचाना सरकार का दायित्व है।

रुद्राक्ष का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, नगर पालिका गदरपुर अध्यक्ष मनोज गुम्बर, नगर पंचायत गुलरभोज अध्यक्ष सतीश चुघ, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, डीजीसी मनोज तिवारी, बरीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।