मुख्यमंत्री धामी ने किया ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, बोले- रेडियो आज भी सबसे विश्वसनीय जनसंचार माध्यम

0
6

CM Pushkar Singh Dhami Inaugurates Oho Radio 89.2 FM in Dehradun | Uttarakhand News

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, बोले— रेडियो आज भी जनसंवाद का सबसे विश्वसनीय माध्यम

देहरादून, 03 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के बल्लूपुर स्थित ओहो रेडियो 89.2 एफएम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रेडियो को समाज में जनसंवाद, जनजागरूकता और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि बदलते तकनीकी दौर और डिजिटल क्रांति के बावजूद रेडियो की विश्वसनीयता, उपयोगिता और व्यापक पहुंच आज भी बरकरार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सूचना, शिक्षा और सामाजिक चेतना का प्रभावी मंच है, जिसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को आमजन तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने में रेडियो की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने, रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगा। साथ ही यह युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदायों के लिए भी अभिव्यक्ति एवं सहभागिता का एक सशक्त मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत, लोक परंपराओं तथा स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रेडियो जैसे स्थानीय संचार माध्यम इन सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज जब डिजिटल मीडिया तेजी से विकसित हो रहा है, तब भी सामुदायिक और एफएम रेडियो स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, सकारात्मक समाचारों को बढ़ावा देने और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का सबसे भरोसेमंद माध्यम बना हुआ है। रेडियो आपदा जैसी परिस्थितियों में भी त्वरित एवं विश्वसनीय सूचना पहुंचाने का प्रभावी साधन साबित होता है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम उत्तराखण्ड की संस्कृति, लोकजीवन और सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए राज्य के विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक समृद्धि की आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच सकारात्मक पत्रकारिता, रचनात्मक संवाद और सामाजिक उत्तरदायित्व को नई दिशा देगा तथा प्रदेश की पहचान को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रेडियो टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, ओहो रेडियो के आर.जे. काव्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।