Dehradun Grievance Day: Over 110 Complaints Received
देहरादून जन समाधान दिवस में 110 से अधिक शिकायतें, भूमि विवाद और सोलर बिजली यूनिटों के समायोजन के मामले उठे
Dehradun’s grievance redressal day received over 110 complaints involving land disputes, alleged encroachments and solar power billing. Officials ordered investigations and timely resolution.
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार और संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
भूमि विवाद, अवैध कब्जे, विद्युत पोल लगाने और ग्राम पंचायत की संपत्तियों से जुड़ी शिकायतों पर जांच के आदेश
देहरादून, 02 नवंबर 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को देहरादून में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान 110 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।
अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसमाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्राम पंचायत की संपत्तियों, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर पैनलों से उत्पादित बिजली की यूनिटों के समायोजन से संबंधित मामले सामने आए।
ग्राम पंचायत की संपत्ति और बाजार में वसूली का मामला
ग्राम पंचायत रामपुरकलां के ग्रामीणों ने शिकायत की कि पीठ/हाट बाजार की नीलामी अवधि समाप्त होने के बाद भी प्रत्येक शुक्रवार को बाजार में कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। ग्रामीणों ने बाजार की शीघ्र नीलामी कराने और नई नीलामी होने तक किसी भी प्रकार की वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
मामले में खंड विकास अधिकारी, सहसपुर को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सोलर बिजली यूनिटों के समायोजन और विद्युत पोल लगाने की शिकायत
संजय कॉलोनी, मोहिनी रोड निवासी मदनमोहन नेगी ने अपने आवास पर स्थापित 3 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल से उत्पादित एवं विद्युत ग्रिड में निर्यातित बिजली की यूनिटों का बिल में समुचित समायोजन न होने की शिकायत की। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुल 7,165 यूनिट में से अधिकांश का समायोजन अभी शेष है। उन्होंने बकाया यूनिटों को विद्युत बिल में समायोजित कराने का अनुरोध किया।
इस पर संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, ग्राम शेरपुर निवासी खीमा देवी ने अपनी निजी भूमि पर बिना सहमति विद्युत विभाग द्वारा तीन बिजली के पोल लगाए जाने का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।
प्रकरण में विद्युत विभाग को अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद और कथित अवैध कब्जों पर जांच के निर्देश
परवल, होपटाउन क्षेत्र निवासी अमित कुमार सेठी ने अपने नाम दर्ज आवासीय भूखंड पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने भूमि संबंधी अभिलेखों और पूर्व में की गई पुलिस शिकायत का उल्लेख करते हुए भूखंड पर कब्जा दिलाने का अनुरोध किया।
इसी प्रकार रामपुरकलां निवासी संतोष पंडित ने भूमि खरीदने के बावजूद कब्जा नहीं मिलने तथा विक्रेता द्वारा कथित रूप से फर्जी भूमि विक्रय किए जाने की शिकायत की। उन्होंने भूमि अभिलेखों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
ग्राम पंचायत रामपुरकलां के निवासी शम्भू चोपड़ा ने गांव में स्थित प्राचीन खेड़ा एवं मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला उठाया। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर सार्वजनिक एवं धार्मिक महत्व की संपत्ति को अतिक्रमणमुक्त कराने का अनुरोध किया।
इन भूमि संबंधी मामलों में उप जिलाधिकारी, विकासनगर को आवश्यक जांच, भूमि अभिलेखों का परीक्षण और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संदेश थापा की संदिग्ध मृत्यु के मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश
मालदेवता स्थित पीपीसीएल में 09 सितंबर 2026 को हुई घटना में स्वर्गीय संदेश थापा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में उनके पिता हरक बहादुर, निवासी ग्राम चिसोपानी, मोहम्मदपुर बड़कली, ग्रामसभा दुधली, विकासखंड डोईवाला ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पुलिस क्षेत्राधिकारी, रायपुर को आवश्यक कार्रवाई करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश
जन समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए की गई कार्रवाई की आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने अधिकारियों से कहा कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए। प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों की जांच करते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने तथा संयुक्त जांच की आवश्यकता वाले मामलों में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
जन समाधान दिवस में अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवाँठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित एमडीडीए, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




