मुख्यमंत्री आवास में लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का आयोजन आपातकाल की 50वीं बरसी पर मुख्यमंत्री आवास में किया गया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोकतंत्र सेनानियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शासन स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। साथ ही, मानसून सत्र में लोकतंत्र सेनानियों के हित में एक नया अधिनियम लाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और पात्र सेनानियों को शीघ्रता से प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की मासिक सम्मान निधि को बढ़ाने का निर्णय लिया था, और भविष्य में इसे और बढ़ाया जाएगा। प्रदेश सरकार लोकतंत्र सेनानियों की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
मुख्यमंत्री धामी ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा, “25 जून 1975 को एक व्यक्ति के तानाशाही रवैये के कारण आपातकाल थोपा गया, जिसने संविधान की आत्मा को कुचलने का प्रयास किया। प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की गरिमा और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का दमन किया गया।”
उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण, नानाजी देशमुख, अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने जेलों में रहते हुए भी लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया। हजारों युवाओं और छात्र-छात्राओं ने विरोध करते हुए आंदोलन में भाग लिया। “यह लोकतंत्र सेनानियों के तप और त्याग का ही परिणाम है कि आज हर नागरिक के मन में लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई है, ताकि युवा पीढ़ी आपातकाल के दौर से सीख ले सके और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान कार्यक्रम अब प्रतिवर्ष आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य द्वारा लिए जा रहे निर्णय आज देश के लिए आदर्श बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और एसडीजी रैंकिंग में भी प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हम हर क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी, मुख्य सचिव शैलेश बगौली, लोकतंत्र सेनानी कृष्ण कुमार अग्रवाल, प्रेम बड़ाकोटी सहित बड़ी संख्या में सेनानी और उनके परिजन उपस्थित रहे।





