दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट; राज्यभर में सुरक्षा कड़ी

0
111

DEHRADUN: दिल्ली में सोमवार शाम हुए धमाके के बाद उत्तराखंड को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ ने सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश जारी किए, जिसके बाद प्रदेशभर में वाहनों व ट्रेनों की चेकिंग बढ़ा दी गई है।

शहरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल्स और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, सभी जिला पुलिस प्रमुखों और अन्य पुलिस अधिकारियों को सतर्कता का स्तर बढ़ाने, गश्त तेज करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने और आवश्यकता अनुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

राज्य पुलिस का कहना है कि ये कदम किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और प्रदेश में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं।