CM Dhami Visits Doon Hospital After Quanu–Minus Bus Accident

क्वानू–मीनस मोटर मार्ग दुर्घटना: घायलों का हाल जानने दून अस्पताल पहुँचे मुख्यमंत्री धामी, परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील चिकित्सा सेवा सुनिश्चित की जाए, जिससे उनके शीघ्र स्वस्थ होने में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उपचार से लेकर आवश्यक सहायता तक हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप-जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना पीड़ितों को भी समुचित एवं मानवीय उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का संपूर्ण उपचार राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क एवं प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।





