Women’s Sports Competition at Parade Ground Dehradun on International Women’s Day
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर परेड ग्राउंड में महिला खेल प्रतियोगिता, सुबह 7 बजे से होंगी विभिन्न स्पर्धाएं
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को परेड ग्राउंड, देहरादून में महिला एथलेटिक्स एवं फन एक्टिविटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे से होगा। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण के प्रति प्रेरित करना है।
यह कार्यक्रम युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय की इकाई माय भारत, देहरादून तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है—
-
13 वर्ष तक
-
13 से 18 वर्ष
-
18 वर्ष से अधिक
प्रत्येक आयु वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों के उत्साह और टीम भावना को बढ़ाने के लिए फन एक्टिविटी के तहत रस्साकशी प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
सभी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
माय भारत, देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए प्रतिभागी mybharat.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में भाग लें, ताकि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को खेल, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जा सके।




