
Dehradun LPG Supply Update: QRT Teams Formed, 88K Backlog, Action Against Black Marketing
देहरादून, 22 मार्च।
जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में पूरे जिले को क्षेत्रों में विभाजित कर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है।
आज इन टीमों ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं या नहीं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर—1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों पर जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग, देहरादून द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आज जिले में लगभग 15,118 घरेलू उपभोक्ताओं और 369 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडरों में करीब 88 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है। वर्तमान में जिले में 42,334 घरेलू और 1,535 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन के अनुसार, बैकलॉग का मुख्य कारण हाल ही में बुकिंग सॉफ्टवेयर में तीन दिनों तक आई तकनीकी समस्या रही। इस दौरान मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से गैस वितरण किया गया, जिसकी लगभग 25 हजार से अधिक एंट्रियों को अब सॉफ्टवेयर में अपडेट किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है और व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।





