Char Dham Yatra 2026 Registration, Rishikesh Transit Camp Facilities | 30 Counters, Free Food & 24×7 Control Room
चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर और मोबाइल टीमें तैनात, 24×7 कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होने जा रहा है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और समग्र प्रबंधन को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
30 पंजीकरण काउंटर और 30 मोबाइल टीमें रहेंगी सक्रिय
चारधाम यात्रा के लिए ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में 24 तथा आईएसबीटी में 6 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 30 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि के दौरान होटल, धर्मशाला और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।
यात्रियों के ठहराव के लिए धर्मशालाओं, आश्रमों और सरायों में लगभग 7100 बेड चिन्हित किए गए हैं।
24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम और सहायता केंद्र
ट्रांजिट कैंप में 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात रहेंगे। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए एक अलग यात्री सहायता केंद्र भी संचालित होगा।
निःशुल्क भोजन, चाय-नाश्ता और सूचना सुविधा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।
साथ ही बड़ी स्क्रीन और फ्लेक्स के माध्यम से होटल, धर्मशाला, संपर्क नंबर और उपलब्ध बेड की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल की व्यापक व्यवस्था
ऋषिकेश और हरबर्टपुर ट्रांजिट कैंप में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। कुल 6 मेडिकल टीमें नियुक्त की गई हैं, जिनमें 3 टीमें ऋषिकेश और 3 हरबर्टपुर में कार्य करेंगी।
यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों और बैरियरों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय और टेंट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क और निर्माण कार्यों पर सख्ती
जिलाधिकारी ने पेयजल निगम द्वारा समय पर कार्य पूरा न करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी निर्माण अनुमतियां यात्रा सीजन तक निरस्त कर दी हैं।
साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि 19 अप्रैल से पहले सभी खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और संबंधित एजेंसियों को भी यात्रा मार्गों के ब्लैक स्पॉट्स को प्राथमिकता से ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई व्यवस्था के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत
नगर निगम ऋषिकेश को स्वच्छता और फॉगिंग व्यवस्था के लिए जिला योजना से तत्काल 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
साथ ही सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली अनुबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं, क्योंकि कंपनी द्वारा कर्मचारियों का वेतन भुगतान न किए जाने से कार्य प्रभावित हो रहा था।




