CM Dhami Inspects Helpline Complaint in Dehradun | Footpath Damage Case | Uttarakhand News
जन शिकायत की पड़ताल के लिए मौके पर पहुंचे सीएम धामी, वीडियो कॉल से अधिकारियों को दिखाई जमीनी हकीकत
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर जन समस्याओं के समाधान को लेकर अपनी सक्रियता का परिचय दिया। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत को केवल कागज़ों तक सीमित न रखते हुए उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी सीधे देहरादून के जाखन क्षेत्र पहुंचे, जहां राजपुर रोड पर विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ की शिकायत सामने आई थी।
जाखन निवासी विवेक मदान ने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि पहले बनाए गए फुटपाथ को यूपीसीएल द्वारा अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के लिए खोद दिया गया, लेकिन बाद में उचित तरीके से भरान न होने के कारण टाइल्स धंस गईं। इससे आम लोगों को फुटपाथ का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मोबाइल से लाइव दिखाई हकीकत
मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल फोन के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल की और उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी पाया कि कई स्थानों पर अंडरग्राउंड किए जाने के बावजूद बिजली लाइन ऊपर दिखाई दे रही है, जो आम जनता के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि बार-बार खुदाई से जनता को परेशानी न हो और सरकारी धन की बर्बादी भी रोकी जा सके।
प्रदेशभर में अभियान चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे आगामी दौरों में इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां-जहां इस प्रकार की शिकायतें सामने आ रही हैं, उन्हें चिन्हित कर समाधान के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।





