अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: देहरादून में तैयारियां तेज, सीडीओ ने दिए समन्वय के निर्देश

0
6

International Yoga Day 2026: Dehradun Intensifies Preparations, CDO Calls for Departmental Coordination

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु तैयारियां तेज, सीडीओ ने विभागों को दिए समन्वय के निर्देश

देहरादून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल, भव्य एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन को लेकर जनपद देहरादून में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक का शुभारंभ जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, देहरादून डॉ. मिथिलेश कुमार द्वारा मुख्य विकास अधिकारी एवं उपस्थित अधिकारियों के स्वागत के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में अब तक आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा आगामी दिनों में प्रस्तावित आयोजनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आम नागरिकों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना सकें।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बैठक के दौरान सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का एक वैश्विक अभियान है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास करें तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन और समग्र व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग का संदेश पहुंचाना आवश्यक है।

बैठक के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ‘योग ब्रेक’ विषय पर एक दिवसीय योग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक रविन्द्र थपलियाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने योगाभ्यास के वैज्ञानिक महत्व, नियमित योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभ, कार्यस्थल पर योग की उपयोगिता तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने विभागों के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान करने का आश्वासन दिया। जनपद प्रशासन द्वारा योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।