अमरदीप गैस सेवा निलंबित, 27 हजार एलपीजी उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों में किया गया स्थानांतरित

0
6

27,000 Amardeep Gas Consumers Shifted to Alternative LPG Agencies in Dehradun

अमरदीप गैस सेवा के उपभोक्ताओं को राहत, 27 हजार ग्राहकों का वैकल्पिक गैस एजेंसियों में अस्थायी स्थानांतरण

देहरादून। जी.एम.एस. रोड स्थित अमरदीप गैस सेवा के निलंबन के बाद उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और एलपीजी आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमरदीप गैस सेवा से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को अस्थायी रूप से अन्य गैस एजेंसियों से संबद्ध कर दिया है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में अमरदीप गैस सेवा के लगभग 27 हजार उपभोक्ताओं को वैकल्पिक गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है, जिससे घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं का वितरण निम्नानुसार किया गया है—

  • 16,000 उपभोक्ता – डिवाइन भारत गैस सर्विस, टर्नर रोड
    संपर्क: 7417666000
  • 10,000 उपभोक्ता – सर्वोदय भारत गैस सर्विस, प्रेमनगर
    संपर्क: 6398688503, 9690568127, 7078446841
  • 1,000 उपभोक्ता – जीवन ज्योति भारत गैस सर्विस, कैनाल रोड
    संपर्क: 9412078085, 7302994129, 9627167899

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरित किए गए उपभोक्ता अब अपनी नव-आवंटित गैस एजेंसी के माध्यम से गैस बुकिंग, रिफिल सिलेंडर प्राप्त करने तथा अन्य सभी उपभोक्ता सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है और उपभोक्ताओं को निरंतर एवं सुचारु एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान न आने पाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और एलपीजी जैसी आवश्यक सेवा की उपलब्धता हर हाल में बनाए रखी जानी चाहिए।

जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस बुकिंग, रिफिल आपूर्ति अथवा अन्य आवश्यक जानकारी के लिए अपनी आवंटित गैस एजेंसी से सीधे संपर्क करें। प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।