Kanwar Yatra 2026: 24×7 Medical Relief Posts Along Route
कांवड़ यात्रा 2026: स्वास्थ्य विभाग की व्यापक तैयारियां, यात्रा मार्ग पर 24×7 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और एंबुलेंस तैनात
30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, 11 अगस्त तक श्रद्धालुओं को मिलेगी निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं
देहरादून, 20 जुलाई 2026।
आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 11 अगस्त 2026 तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य की दृष्टि से सुगम बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला प्रशासन के समन्वय एवं निर्देशों के अनुरूप यात्रा मार्ग पर व्यापक चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, संवेदनशील स्थलों तथा प्रशासन द्वारा चिन्हित चेक पोस्टों पर विशेष स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की है। इन स्थानों पर प्रशिक्षित चिकित्सा दल चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे और श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगे।
यात्रा मार्ग पर स्थापित होंगी मेडिकल रिलीफ पोस्ट
कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर अनुभवी चिकित्सक, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं वार्ड बॉय की तैनाती रहेगी। यहां प्राथमिक उपचार, सामान्य स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
24 घंटे उपलब्ध रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासन द्वारा चिन्हित श्यामपुर चौकी एवं आईडीपीएल में स्थापित मेडिकल रिलीफ पोस्ट 24 घंटे कार्यरत रहेंगी। इन केंद्रों पर रोस्टर के अनुसार अलग-अलग शिफ्टों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिससे किसी भी समय श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सके।
दवाइयों और आपातकालीन संसाधनों की रहेगी पर्याप्त उपलब्धता
स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा अवधि को देखते हुए आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री, मेडिकल उपकरणों एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा कर्मियों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार, प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यकता पड़ने पर रेफरल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पूरी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से निर्बाध बनाना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।





