गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले देहरादून प्रशासन अलर्ट, डीएम सविन बंसल ने किया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण

0
6

Amit Shah Uttarakhand Visit: Dehradun DM Savin Bansal Reviews Security and Arrangements

गृहमंत्री के दौरे से पहले देहरादून प्रशासन हाई अलर्ट, डीएम सविन बंसल ने एसएसपी संग व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

होटल गॉडविन और संपर्क मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को परखा
डीएम के सख्त निर्देश—आज शाम तक पूरी हों सभी तैयारियां, विभाग दें सेफ्टी सर्टिफिकेट

देहरादून।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। दौरे से एक दिन पहले जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डोईवाला से हरिद्वार जनपद की सीमा तक स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

होटल गॉडविन में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिलाधिकारी और एसएसपी ने रायवाला स्थित होटल गॉडविन का भी निरीक्षण किया, जहां केंद्रीय गृहमंत्री अल्प विश्राम करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। प्रशासनिक टीम ने होटल परिसर और वहां तक जाने वाले संपर्क मार्ग का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

डीएम ने होटल में विद्युत आपूर्ति, एयर कंडीशनिंग, फायर सेफ्टी सिस्टम, लिफ्ट संचालन, ग्रीन रूम, रेस्ट रूम, मीटिंग हॉल और पार्किंग व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने होटल प्रबंधन को तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।

वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेनसेट के साथ मजबूत वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की बिजली बाधा से आयोजन प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

विभागों से मांगे सेफ्टी सर्टिफिकेट

डीएम ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आज शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों के अनुरूप सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपर्क मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने होटल गॉडविन तक जाने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा।

विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे गृहमंत्री

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड में पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों, संचालित योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहरा सहित लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, फायर सेफ्टी और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।