चारधाम यात्रा 2026: देहरादून प्रशासन की व्यापक तैयारियां शुरू, श्रद्धालुओं का होगा भव्य स्वागत

0
5

Char Dham Yatra 2026 Preparations Begin in Dehradun | 24×7 Registration, Medical & Transport Arrangements

चारधाम यात्रा 2026: ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से होगा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत, देहरादून प्रशासन की व्यापक तैयारियां तेज

देहरादून:
पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रस्तावित चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और 15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और समर्पण का अवसर है। देवभूमि में आने वाले प्रत्येक यात्री को उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक और सुखद अनुभव मिलना चाहिए।


🔹 धनाभाव नहीं बनेगा बाधा, जिला प्रशासन करेगा ‘गेप फंडिंग’

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में बजट की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए। जिस विभाग को अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता हो, वह तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करे। जिला प्रशासन आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगा, ताकि कोई व्यवस्था अधूरी न रहे।


🔹 24×7 पंजीकरण सुविधा, मोबाइल टीमें भी तैनात

यात्रियों की सुविधा के लिए:

  • ऋषिकेश में 30 पंजीकरण काउंटर

  • विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर

  • सभी काउंटर 24 घंटे संचालित होंगे

  • प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ और मजबूत नेटवर्क व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी

  • ऑफलाइन पंजीकरण की भी समुचित व्यवस्था रहेगी

  • मोबाइल पंजीकरण टीमें तैनात की जाएंगी

काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


🔹 होल्डिंग एरिया और ट्रांजिट कैंप होंगे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव सहित प्रमुख होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएंगे। यहां भोजन, शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और मेडिकल चेकअप की समुचित व्यवस्था होगी।

भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर पूर्ति विभाग सहयोग करेगा। फूड पैकेट की पृथक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।


🔹 मेडिकल सुविधाओं पर विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि:

  • विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती हो

  • पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध रहे

  • एंबुलेंस और टेस्टिंग किट की पर्याप्त व्यवस्था हो

  • यात्रियों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की जाए


🔹 परिवहन व्यवस्था सुदृढ़, फिटनेस और ग्रीन कार्ड अनिवार्य

परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि:

  • पर्याप्त संख्या में यात्रा वाहनों का अधिग्रहण किया जाए

  • सभी वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य हो

  • ग्रीन कार्ड जारी किए जाएं

  • ट्रिप कार्ड जनरेशन की मैनुअल व्यवस्था भी उपलब्ध रहे

होल्डिंग एरिया से यात्रा मार्ग तक शटल सेवा संचालित की जाएगी।


🔹 सुरक्षा, निगरानी और सूचना तंत्र मजबूत

  • नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती

  • पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी एवं वालंटियर तैनात

  • प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सूचनाएं प्रसारित

  • होटल, धर्मशाला, आश्रमों के दूरभाष नंबर, कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक


🔹 बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

राष्ट्रीय राजमार्गों पर डिवाइडर, पैराफिट, प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
पार्किंग, होल्डिंग एरिया और चेकपोस्ट पर टीटीएसपी, वाटर एटीएम और टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्युत विभाग को सभी प्रमुख स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


🔹 प्रशासन की प्रतिबद्धता: सुरक्षित और सुखद यात्रा

डीएम सविन बंसल ने कहा कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रत्येक विभाग को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद यात्रा अनुभव मिले तथा उत्तराखंड की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा सशक्त रूप में परिलक्षित हो।