Char Dham Yatra 2026: PWD Secretary Inspects NH-34, Orders Road Repairs Before April 15 | Uttarakhand News
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण, 15 अप्रैल तक सड़क दुरुस्ती के सख्त निर्देश
देहरादून/उत्तरकाशी।
आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर शुक्रवार को सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 पर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले, 15 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 को पूर्ण रूप से सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग से मलवा हटाने, संवेदनशील एवं लैंडस्लाइड जोन में आवश्यक कटिंग कर सड़क चौड़ी करने तथा हॉट मिक्स के माध्यम से सड़क की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
स्वाडी-गाड स्टील सेतु निर्माण में तेजी के निर्देश
डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने स्वाडी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डैक स्लैब निर्माण तथा एप्रोच रोड का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी निर्माण एवं सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।
मुखवा-धराली पैदल मार्ग और क्षतिग्रस्त संरचनाओं का निरीक्षण
सचिव लोक निर्माण ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल पुल का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में पूर्व में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल पुल की मरम्मत कार्य शुरू न होने तथा धराली-हर्षिल के बीच दो स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग पुनर्निर्माण कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यात्रा से पहले बेहतर राइडिंग क्वालिटी का आश्वासन
बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले चिन्हित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य कर सड़क की राइडिंग क्वालिटी में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चन्द्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित विभागीय एवं बीआरओ के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





