नई दिल्ली, मंगलवार – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की और राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने रानीखेत और लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को संबंधित नगर पालिकाओं में विलय किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से दोनों क्षेत्रों में पर्यटन, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं के समग्र विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने धारचूला और जोशीमठ के सैन्य हेलीपैड्स को क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत आम नागरिक हवाई सेवा के लिए उपलब्ध कराने की अनुमति भी मांगी, जिससे सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार हो सके। इसके साथ ही, राज्य में आपदा राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं पर लगने वाले शुल्क को माफ किए जाने का अनुरोध भी किया।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने ग्वालदम से नंदकेसरी होते हुए थराली देवाल-मुन्दोली-वाण मोटर मार्ग के रख-रखाव एवं अनुरक्षण का कार्य भविष्य में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाने का अनुरोध केन्द्रीय रक्षा मंत्री से किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क मार्ग राज्य की महत्वपूर्ण नंदा देवी राजजात यात्रा का मुख्य मार्ग है। प्रत्येक 12 वर्षों में आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण यात्रा है, जो वर्ष 2026 में प्रस्तावित है। यह यात्रा राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था की प्रतीक है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।