CM Pushkar Singh Dhami Orders SOP for Security of Government Offices in Uttarakhand
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए बनेगी एसओपी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव को सुरक्षा संबंधी विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने को कहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के समय में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कार्मिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने तत्काल मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एक मानक एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, संवेदनशील कार्यालयों में आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू हों तथा कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा की स्थिति में त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मोर्चा अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार की इस पहल को राज्यभर के कार्मिकों की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





