डालनवाला गोलीकांड: आईजी गढ़वाल का घटनास्थल निरीक्षण, त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश

0
4

Dalanwala Firing Case: IG Garhwal Orders Swift Arrests | Dehradun News

डालनवाला गोलीकांड: आईजी गढ़वाल ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, विशेष टीमों के गठन व त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश

कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश: राजधानी के अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

देहरादून, 11 फरवरी:
जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में घटित गोलीकांड की गंभीर घटना को लेकर पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद भौतिक साक्ष्यों, तकनीकी इनपुट्स तथा अब तक की गई पुलिस कार्रवाई का बारीकी से अवलोकन किया।

आईजी गढ़वाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देशित किया कि घटना में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करते हुए विशेष अन्वेषण टीमों (SIT) का गठन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक विधिक, तकनीकी एवं सर्विलांस संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा मामले का त्वरित एवं निष्पक्ष अनावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर फोकस

संवेदनशील घटना को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए त्वरित अनावरण, प्रभावी रोकथाम एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजी गढ़वाल ने निर्देश दिए कि—

  • सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमणशील रहेंगे और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।

  • थाना व चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से ब्रीफ कर कानून व्यवस्था के प्रति अधिक संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाया जाए।

  • विवादित व संवेदनशील मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण क्षेत्राधिकारी स्वयं के निकट पर्यवेक्षण में कराएं।

  • संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ हेतु नियमित व आकस्मिक (रैंडम) चेकिंग अभियान चलाए जाएं।

  • आपसी रंजिश, भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व जन-जागरूकता पर विशेष जोर

सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आईजी ने अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही क्षेत्राधिकारियों को बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने, विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

आईजी गढ़वाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।