आंगनबाड़ी राशन में गड़बड़ी का खुलासा, रुड़की सेंट्रल गोदाम पर डीएम देहरादून की छापेमारी

0
4

Dehradun DM Savin Bansal Raids Roorkee Anganwadi Supply Warehouse, Irregularities Exposed

देहरादून डीएम सविन बंसल की बड़ी कार्रवाई, रुड़की के सेंट्रल गोदाम पर छापा; आंगनबाड़ी सप्लाई में गड़बड़ियों का खुलासा

देहरादून:
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों को खाद्य सामग्री आपूर्ति करने वाले रुड़की स्थित सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया। विभिन्न माध्यमों से आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जा रही सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

रुड़की के माड़ी चौक स्थित गोदाम में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक कार्य करते हुए पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कई खाद्य सामग्री पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थी। खजूर और केले के चिप्स के पैकेट पर दर्ज मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर छपी हुई तिथि के स्थान पर स्टैंप से तिथि अंकित की गई थी, जो मानकों के अनुरूप नहीं है।

जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं हो रहा था। खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक तापमान नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं मिली। इसके अलावा रजिस्टर भी अद्यतन नहीं पाए गए और सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आंगनबाड़ी केंद्रों में सप्लाई किए जाने वाले अंडों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी में प्राप्त अंडे और अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में वितरित की जा रही थी, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

छापेमारी के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सामग्री लेकर रवाना हो रहे वाहनों को भी रुकवाकर सैंपलिंग करवाई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला क्षेत्रों के लिए सामग्री लेकर जाने वाले थे। अंडों की गुणवत्ता पर भी संदेह जताते हुए उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।