देहरादून में कानून-व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्य सचिव, रोड रेज और हुड़दंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

0
5

Dehradun Law & Order: Crackdown on Road Rage, Weekend Hooliganism

देहरादून | 31 मार्च 2026

सचिवालय में कानून-व्यवस्था पर हाई-लेवल बैठक, मुख्य सचिव सख्त

रोड रेज और हुड़दंग पर कड़ा रुख, गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मुख्य सचिव ने शहर में बढ़ती अव्यवस्थित गतिविधियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस को निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी देहरादून को सभी थाना प्रभारियों को पीक ऑवर में विशेष गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश देने को कहा।
डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ-साथ अब मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया गया।

वीकेंड पर सख्ती, बार टाइमिंग का सख्त पालन

मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि सप्ताहांत में देहरादून को पार्टी और हुड़दंग का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित क्लोजिंग टाइम का सख्ती से पालन कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों और अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

होम स्टे और किरायेदारों की होगी निगरानी

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित होम स्टे की मैपिंग कर उनकी नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटन के उद्देश्य से शुरू किए गए होम स्टे का दुरुपयोग न हो।
इसके साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

दिल्ली-देहरादून हाईवे के मद्देनज़र विशेष तैयारी

मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून हाईवे खुलने के बाद सप्ताहांत में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे कानून-व्यवस्था की चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन को पहले से ही अतिरिक्त तैयारी करने की आवश्यकता है।

लापरवाही पर अधिकारियों पर भी कार्रवाई

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।