देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर सख्ती, 7 गैस एजेंसियों व 87 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

0
9

Dehradun LPG Black Marketing Crackdown | 7 Gas Agencies Raided, 362+ Cylinders Seized

देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार: डीएम की क्यूआरटी अलर्ट, 7 गैस एजेंसियों व 87 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

देहरादून, 28 मार्च। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने में तेजी आई है।

इसी अभियान के तहत क्यूआरटी टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 7 गैस एजेंसियों और 87 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई का असर साफ दिखाई दे रहा है। अब तक एलपीजी कालाबाजारी से जुड़े कुल 6 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, अभियान के दौरान कुल 210 घरेलू, 139 व्यावसायिक और 13 छोटे गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने और गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी व सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अन्य अनियमितताओं की जानकारी मिले तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।