देहरादून: देहरादून जिले में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में युवाओं में पहली बार मतदान करने को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिले के छह विकास खंडों में 18 से 20 वर्ष की आयु के 38,371 युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18,092 महिला एवं 20,279 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
जिले में पंचायत चुनाव के लिए 24 एवं 28 जुलाई को दो चरणों में मतदान होगा। यह मतदान ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए कराया जाएगा।
देहरादून जिले में पंचायत चुनाव की स्थिति इस प्रकार है:
30 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए 113 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
220 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए 698 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।
409 ग्राम पंचायत प्रधान पदों में से कई पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब 1,018 उम्मीदवार मैदान में हैं।
3,397 ग्राम पंचायत सदस्य पदों में अधिकांश निर्विरोध चुने गए या कुछ पर नामांकन नहीं हुआ, शेष 1,556 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
कुल मिलाकर जिले के छह विकास खंडों की पंचायत क्षेत्रों में 5,45,392 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,62,639 महिला, 2,82,739 पुरुष और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं। इनमें 1,679 दिव्यांग मतदाता भी हैं।
पंचायत क्षेत्रों में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न का आवंटन 14 जुलाई को किया जाएगा।