Delhi–Dehradun Expressway Inauguration on April 14 | PM Modi | CM Dhami Uttarakhand Development
ऐतिहासिक पहल: 14 अप्रैल को पीएम करेंगे दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण, तैयारियों में जुटा उत्तराखंड
देहरादून। आगामी 14 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा बहुप्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे) का शुभारम्भ किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता से सफल बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को उत्तराखंड के विकास यात्रा में “स्वर्णिम अध्याय” बताते हुए कहा कि यह केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को नई दिशा देने वाला अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आयोजन को जन-उत्सव का रूप देने पर जोर दिया।
सीएम धामी ने कार्यक्रम की रूपरेखा को आकर्षक और प्रभावशाली बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक दिखनी चाहिए। गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य एवं संगीत के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के संतुलन के साथ सजाने पर भी बल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर भाग लें और रोड शो के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल होकर उत्सव का माहौल बनाएं। उन्होंने कार्यक्रम से पूर्व राज्यभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि आयोजन स्वच्छ, सुंदर और यादगार बन सके।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को उत्तराखंड के लिए गेम-चेंजर परियोजना माना जा रहा है। इसके पूर्ण होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, औद्योगिक निवेश, व्यापार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में तेजी आएगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर राज्य को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे। सभी को कार्यक्रम की तैयारियों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।





