धामी ने लॉन्च किया विशेष पंचांग कैलेंडर, संस्कृति और योजनाओं का अनोखा संगम

0
4

Pushkar Singh Dhami Launches Uttarakhand Panchang Calendar | Culture & Govt Schemes

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में एक विशेष पंचांग टेबल कैलेंडर “उत्तराखण्ड की मिट्टी से—नायक से जननायक पुष्कर सिंह धामी” का औपचारिक विमोचन किया। यह कैलेंडर राज्य की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और शासन की जनकल्याणकारी पहलों का समन्वित प्रस्तुतीकरण है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पंचांग कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का दर्पण है। इसमें तिथि, वार, पक्ष, मास, प्रमुख पर्व, व्रत एवं विशेष दिवसों की विस्तृत जानकारी के साथ पारंपरिक त्योहारों को भी सुव्यवस्थित रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास लोगों, विशेषकर युवाओं, को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस कैलेंडर की संकल्पना मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मदन मोहन सती द्वारा की गई है। इसमें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को भी शामिल किया गया है, जिससे आमजन को विकास कार्यों की जानकारी सरलता से प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम में मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह, दीप कोश्यारी तथा किशोर भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और जन-जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।