DM Acts on Delay in Death Certificates, Withholds DPRO Salary | Dehradun
मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही पर सख्त एक्शन; डीएम ने डीपीआरओ का वेतन रोका, तत्पश्चात प्रमाण पत्र जारी
देहरादून, 11 फरवरी:
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक बार फिर प्रशासनिक सख्ती का परिचय दिया है। विकासखंड डोईवाला की ग्राम पंचायत गौहरी माफी में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक विलंब और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), देहरादून का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए, जिसके बाद लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए।
उल्लेखनीय है कि 01 दिसंबर 2025 को तहसील ऋषिकेश अंतर्गत ग्राम इठारना में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान ग्राम पंचायत गौहरी माफी निवासी प्रदीप सिंह पुत्र स्व. भगत सिंह एवं बलबीर सिंह रावत पुत्र स्व. चंदन सिंह द्वारा क्रमशः अपने पिता स्व. भगत सिंह तथा माता स्व. जयवन्ती देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
प्रकरण में उपजिलाधिकारी, ऋषिकेश द्वारा 18 दिसंबर 2025 को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश जारी किए गए थे। इसके उपरांत 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकासखंड डोईवाला को तीन दिवस के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बावजूद इसके पंचायती राज स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार विलंब और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने डीपीआरओ, देहरादून के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी। प्रशासनिक कार्रवाई के पश्चात 08 फरवरी 2026 को संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा दोनों लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
प्रकरण के निस्तारण के बाद डीपीआरओ के वेतन आहरण पर लगी रोक हटाने संबंधी प्रस्ताव उच्च स्तर पर प्रस्तुत कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनमानस से जुड़े कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, संवेदनशील एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर हिलाहवाली पर कठोर कार्रवाई तय है।





