जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 14 हजार गैस कनेक्शन ट्रांसफर, हीरा गैस सर्विस पर सख्ती

0
5

Dehradun LPG Action: 14,000 Gas Connections Transferred | Heera Gas Service Crackdown

देहरादून | 03 अप्रैल 2026

जनपद में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैसर्स हीरा गैस सर्विस के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। लंबे समय से एजेंसी के खिलाफ मिल रही शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी सविन बंसल के संज्ञान में गैस वितरण में अनियमितताओं, समय पर आपूर्ति न होने और संभावित गड़बड़ियों की लगातार शिकायतें आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इससे पहले भी संबंधित एजेंसी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा चुका था, लेकिन सुधार न होने पर प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी पड़ी।

14,000 गैस कनेक्शन किए गए ट्रांसफर

उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए मैसर्स हीरा गैस सर्विस के लगभग 14,000 गैस कनेक्शनों को तत्काल प्रभाव से निकटवर्ती एजेंसियों

  • अनिल इंडेन गैस सर्विस
  • आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस

में स्थानांतरित कर दिया है।

अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस

जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी एजेंसियों को शासन के मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी जारी है और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कालाबाजारी रोकने के लिए क्यूआरटी तैनात

एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिले में क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है। ये टीमें विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं और मांग, आपूर्ति व वितरण प्रणाली पर नजर रख रही हैं।

शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों—
1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066—पर एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं।

जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है

आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति

प्राप्त जानकारी के अनुसार—

  • घरेलू उपभोक्ताओं को आपूर्ति: 17,527+
  • व्यवसायिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति: 970
  • घरेलू एलपीजी स्टॉक: 35,167 सिलेंडर
  • व्यवसायिक एलपीजी स्टॉक: 3,642 सिलेंडर

प्रशासन द्वारा घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की कमी न हो।