देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर देश की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ निरंतर कार्य हो रहे हैं। यह समयकाल देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना स्वास्थ्य क्षेत्र में वरदान सिद्ध हो रही है, वहीं मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत की वैश्विक निर्यात भागीदारी में तेज़ी आई है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छता अभियान, किसान सम्मान निधि और निशुल्क राशन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों नागरिकों को मिला है। इसका परिणाम है कि देश की गरीबी दर में 80% तक की गिरावट दर्ज की गई है और बीते 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे ऐतिहासिक और साहसिक फैसलों ने देश की सामाजिक और संवैधानिक संरचना को और मजबूत किया है। भारत आज न केवल स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है, बल्कि उन्हें दुनिया भर में निर्यात भी कर रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की वैश्विक रैंकिंग 142 से सुधरकर 63 पर पहुंच चुकी है।
मध्यम वर्ग को राहत देते हुए सरकार ने नई कर व्यवस्था के अंतर्गत ₹12.75 लाख तक की आय पर कर छूट प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर भी केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि आज देश के 99% गांव सड़क नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई संपर्क का भी तेजी से विस्तार हो रहा है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है।
उत्तराखंड के विकास की बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में भी तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के 11 वर्षों को भारत के नव निर्माण का स्वर्णिम काल बताया और कहा कि विकसित भारत के संकल्पों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।