कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर मुख्य सचिव सख्त, समयबद्ध कार्यों के निर्देश

0
7

Kumbh Mela 2027 Preparations Reviewed in Haridwar | Clean Ganga, Infrastructure & Traffic Plan

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर मुख्य सचिव की सख्त नजर, समयबद्ध कार्यों के दिए निर्देश

हरिद्वार:
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार ने अपनी गति तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेले का आयोजन दिव्य, भव्य और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हों। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और सीवर कार्यों पर फोकस

हरिद्वार में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने खोदी गई सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अपर रोड के कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने तथा अन्य कार्यों को 30 जून तक समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
सीवर कार्यों की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी, अपर मेलाधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक की समिति को दैनिक समीक्षा करने को कहा गया है। जिलाधिकारी को 10 अप्रैल तक निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

गंगा की स्वच्छता पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने गंगा नदी की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सीवर या गंदा पानी गंगा में न जाए। सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ने और इसकी वीडियोग्राफी सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

गैस, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के निर्देश

कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए पीएनजी कनेक्शन वितरण हेतु शिविर आयोजित करने को कहा गया। आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों से एक सप्ताह के भीतर आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भूमिगत लाइनों की मरम्मत, बिजली खंभों को हटाने और वितरण बॉक्स को उचित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

घाटों की सुरक्षा और मंदिर मार्गों का सुधार

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अहम निर्णय

मुख्य सचिव ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण को शीघ्र पूरा करने और उसकी सुविधाओं को चालू करने के निर्देश दिए। 15 दिनों के भीतर 3 मेगावाट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ नई लाइन निर्माण के निर्देश भी दिए गए।
कुंभ मेले के दौरान एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और बोट एंबुलेंस की तैनाती पर भी चर्चा की गई।

ट्रैफिक और पार्किंग प्लान पर मंथन

कुंभ मेला-2027 के लिए ट्रैफिक और पार्किंग योजना को अंतिम रूप देने के लिए सभी हितधारकों से सुझाव लेने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त स्तर पर योजना को अंतिम रूप देकर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्य प्रगति की स्थिति

मेलाधिकारी सोनिका ने जानकारी दी कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत हो चुके हैं तथा 32 सेक्टरों का विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। सभी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी तंत्र बनाया गया है।

सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील

बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम, होटल एवं धर्मशाला संचालकों, टैक्सी-ऑटो यूनियन और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। उन्होंने सभी से कुंभ मेला-2027 को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।