Mathura Boat Accident: 6 Dead in Yamuna River Tragedy | Vrindavan News Update
मथुरा में यमुना नदी में बड़ा नाव हादसा, 6 पर्यटकों की मौत; कई लापता, राहत-बचाव जारी
Vrindavan News: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक निजी स्टीमर (बोट) अचानक असंतुलित होकर नदी में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में अब तक 6 पर्यटकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी पर्यटक पंजाब से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए हैं।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





