पीएम मोदी के देहरादून दौरे से पहले सीएम धामी का ग्राउंड निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

0
6

PM Modi Dehradun Visit: CM Dhami Reviews Preparations

DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित देहरादून कार्यक्रम की तैयारियों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी योजना तैयार करने तथा आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जसवंत ग्राउंड में मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके सफल आयोजन से प्रदेश की छवि को नई पहचान मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।