प्रधानमंत्री के दौरे से पहले देहरादून प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा

0
5

PM Visit 2026: Dehradun on High Alert, DM Reviews Security & Arrangements

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन हाई अलर्ट पर, डीएम ने की तैयारियों की व्यापक समीक्षा

देहरादून, 08 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित 14 अप्रैल 2026 के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की सफलता एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून स्थित गढ़ीकैंट कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इस पूरे दौरे को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से पूरे मार्ग पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने और एमडीडीए (MDDA) को मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण का जिम्मा सौंपा गया है।

नगर निगम को निर्देशित किया गया कि सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा मोबाइल शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। मुख्य चिकित्साधिकारी को मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और आपात सेवाएं तैनात करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का भी विस्तार से आकलन किया। इसमें मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीआईपी एवं आमजन के लिए अलग-अलग व्यवस्था तथा ट्रैफिक प्लान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके अलावा, मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध, समन्वित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी तीरथपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।