मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ

0
5

CM Pushkar Singh Dhami Inaugurates Cricket Tournament in Dehradun | Promotes Sports Culture

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों से लड़ने का जज्बा विकसित होता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलें देश में खेल संस्कृति को मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं। इन अभियानों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।