25th Police Water Sports Championship Tehri | CM Dhami Inaugurates | Uttarakhand Sports News

टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज़, सीएम धामी ने किया वर्चुअल शुभारंभ
देहरादून/टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार उत्तराखंड को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य की खेल क्षमता और बढ़ती पहचान को दर्शाता है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ राज्य में साहसिक खेलों और पर्यटन को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता भी विकसित करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा में अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार आपातकालीन स्थितियों में जीवन रक्षक सिद्ध होती है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूती दी है और युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अवसंरचना के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता सिद्ध की है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी राज्य निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन राज्य के समग्र विकास, पर्यटन संवर्धन और खेल प्रतिभाओं के उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी अकादमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





