प्रदेश में गैस आपूर्ति को लेकर सख्त एक्शन, रोजाना होगी समीक्षा बैठक

0
6

Uttarakhand LPG Supply Under Daily Review Ahead of Char Dham Yatra 2026 | No Shortage Assured

सचिव खाद्य रोज करेंगे गैस आपूर्ति की समीक्षा, बैकलॉग खत्म करने के सख्त निर्देश

देहरादून। वैश्विक परिस्थितियों और आगामी चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन को देखते हुए राज्य सरकार एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गई है। प्रदेश में घरेलू और व्यावसायिक गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अब सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रोजाना समीक्षा करेंगे।

प्रमुख सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री एल. फैनई की अध्यक्षता में बुधवार को तेल कंपनियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक (वीडियो कॉन्फ्रेंस) आयोजित की गई। बैठक में राज्य में गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए गए।

प्रमुख सचिव ने बताया कि मुख्य सचिव स्तर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश में घरेलू और कमर्शियल गैस की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तेल कंपनियों के साथ दैनिक समन्वय और निगरानी अनिवार्य की गई है।

60 हजार घरेलू और 6 हजार कमर्शियल सिलेंडर की दैनिक आपूर्ति का लक्ष्य

बैठक में निर्देश दिए गए कि राज्य में मांग को देखते हुए प्रतिदिन पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वर्तमान व्यवस्था के तहत प्रतिदिन लगभग 60 हजार घरेलू सिलेंडर और 6 हजार कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही बैकलॉग खत्म करने के लिए अतिरिक्त आपूर्ति और उसकी दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है।

तेल कंपनियों के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को प्रदेश में कुल 65,944 घरेलू और 3,864 कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।

  • आईओसीएल: 48,218 घरेलू, 2,340 कमर्शियल
  • बीपीसीएल: 11,731 घरेलू, 698 कमर्शियल
  • एचपीसीएल: 5,995 घरेलू, 826 कमर्शियल

अधिकारियों के अनुसार पिछले दिनों की तुलना में आपूर्ति में लगातार सुधार हो रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों पर विशेष फोकस

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा को देखते हुए गैस आपूर्ति को और मजबूत किया जाए, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में नेटवर्क और वितरण से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। तेल कंपनियों को बढ़ती मांग के अनुरूप अग्रिम योजना बनाने और डीलर स्तर पर किसी भी बाधा को खत्म करने के निर्देश दिए गए।

रोज शाम 5 बजे होगी समीक्षा बैठक

अब प्रतिदिन शाम 5 बजे सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तेल कंपनियों के प्रतिनिधि पूरी तैयारी के साथ शामिल होंगे। इससे आपूर्ति की सतत निगरानी और त्वरित सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

सचिव आनंद स्वरूप ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री का देहरादून दौरा प्रस्तावित है और 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। इन महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए गैस आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, 6280 निरीक्षण और 423 छापेमारी

सचिव आनंद स्वरूप ने बताया कि एलपीजी और ईंधन से जुड़ी अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए प्रदेशभर में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

अब तक की कार्रवाई:

  • 6280 निरीक्षण
  • 423 छापेमारी
  • 19 एफआईआर दर्ज
  • 7 गिरफ्तारियां

कार्रवाई के दौरान कुल 1118 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 946 घरेलू और 172 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 1 वाहन, 3 फिलिंग किट और 1 कांटा भी जब्त किया गया।

जिलों में कार्रवाई का विवरण

  • देहरादून: 288 सिलेंडर, 139 किलोग्राम गैस जब्त
  • हरिद्वार: 202 सिलेंडर
  • नैनीताल: 62 सिलेंडर और एक पिकअप वाहन
  • उधमसिंहनगर: 98 घरेलू और 5 कमर्शियल सिलेंडर

टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, बागेश्वर समेत अन्य जिलों में भी व्यापक कार्रवाई की गई है। अभियान के तहत कुल ₹1,31,900 का जुर्माना भी लगाया गया है।

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू

सचिव ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी जिलाधिकारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमित निरीक्षण, सघन छापेमारी और सतत निगरानी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।