Uttarakhand Heavy Rain Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट

0
4

Uttarakhand Heavy Rain Alert: Flash Flood Warning Issued for Eight Districts | IMD Weather Update

भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट: उत्तराखंड के आठ जिलों में प्रशासन हाई अलर्ट पर

मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत एवं बचाव एजेंसियां सक्रिय, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के आदेश

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के कई जनपदों में 31 जुलाई को भारी से अत्यधिक वर्षा, जलभराव तथा फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के संवेदनशील क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य सरकार ने संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि जनपद स्तर पर SDRF, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता के साथ तैनात रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

जिलाधिकारियों को संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय बनाए रखने तथा किसी भी सड़क के अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD), सीमा सड़क संगठन (BRO) तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

राज्य सरकार ने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए हैं। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि स्थानीय मौसम एवं भौगोलिक परिस्थितियों का आकलन करते हुए आवश्यकता पड़ने पर स्कूल संचालन अथवा अन्य सुरक्षा संबंधी निर्णय तत्काल लिए जाएं।

प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों, गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों और चेतावनियों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र अथवा संबंधित आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

आपातकालीन हेल्पलाइन

  • राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (टोल फ्री): 1070
  • जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 1077
  • आपातकालीन सेवा: 112

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं राहत संबंधी कदम तत्काल उठाए जाएंगे। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।