Uttarakhand Helicopter Crash: चमोली के हाथी पर्वत में छह लोगों की मौत

0
4

Chamoli Helicopter Crash: Six Killed in Hathi Parvat

 

चमोली के हाथी पर्वत में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोगों की मौत

 

A Trans Bharat Aviation helicopter crashed in Chamoli’s Hathi Parvat area, Uttarakhand, killing all six people on board, including the pilot.

 

बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा जा रहा था ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर; सेना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू किया सर्च ऑपरेशन

 

देहरादून/चमोली, 30 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ तहसील के अंतर्गत मारवाड़ी स्थित हाथी पर्वत क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सिविल हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था और बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा की ओर जा रहा था।

 

सेना की टीम ने देखा हेलीकॉप्टर से उठता धुआं

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चमोली से मिली सूचना के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे हुई। सामने की पहाड़ी पर तैनात सेना के सिग्नल सेंटर की टीम ने हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते देखा। इसके बाद जिला प्रशासन को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सेना, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला आपदा प्रबंधन की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। बेस अस्पताल श्रीनगर, एम्स ऋषिकेश समेत अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया।

 

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में जारी है बचाव अभियान

सेना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर शव जली हुई और क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए।

प्रशासन के अनुसार, दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल वाला क्षेत्र है। यहां हिमालयी भालुओं की सक्रियता भी अधिक बताई गई है। अंधेरा होने और क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शेष बचाव दलों की ट्रैकिंग अगले दिन सुबह पांच बजे दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया।

सेना ने जिला प्रशासन को अवगत कराया है कि घटनास्थल पर मौजूद उसकी टीम शवों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। सभी शवों को सड़क तक पहुंचाने और आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित टीमें जुटी हुई हैं।

 

मृतकों में चार बेंगलुरु के निवासी

प्रशासन की ओर से जारी मृतकों की सूची के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में पायलट हिमांशु सभरवाल भी शामिल हैं। मृतकों का विवरण इस प्रकार है:

  1. हिमांशु सभरवाल — पायलट, दिल्ली निवासी।
  2. प्रतापा बचिहल्ली निंगराजू — 41 वर्ष, बेंगलुरु, कर्नाटक।
  3. अरुण सालुंके — 44 वर्ष, बेंगलुरु, कर्नाटक।
  4. वी.बी. शंकरगौड़ा — 39 वर्ष, बेंगलुरु, कर्नाटक।
  5. सुधीर के. — 49 वर्ष, बेंगलुरु, कर्नाटक।
  6. एच.एस. नटराज — 51 वर्ष, कर्नाटक।

घटना की विस्तृत जानकारी कर्नाटक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, घटनास्थल पर सेना की सिग्नल सेंटर टीम मौजूद है, जबकि सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं।

प्रारंभिक रिपोर्ट में हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों और एक पायलट सहित कुल छह लोगों के सवार होने की जानकारी दी गई है। दुर्घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।