Vocal for Local Uttarakhand: CM धामी ने कहा- ‘वोकल फॉर लोकल’ से मजबूत होगी मातृशक्ति और स्थानीय अर्थव्यवस्था

0
6

CM Dhami Urges Local Product Shopping During Festivals | Vocal for Local

त्योहारों में स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सशक्त बहना उत्सव में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के स्टालों से खरीदे स्थानीय उत्पाद

स्थानीय उत्पादों की खरीद से मातृशक्ति की आजीविका होगी सशक्त, महिला उद्यमिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित ‘सशक्त बहना उत्सव’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी को बढ़ावा देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कला, शिल्प और हुनर को नए उत्पादों का स्वरूप दे रही है। इन उत्पादों में प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय पहचान की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल एक वस्तु की खरीदारी नहीं, बल्कि उससे जुड़े कारीगर, महिला उद्यमी और परिवार की आजीविका को समर्थन देना भी है।

उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं को बाजार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार, सजावटी सामग्री, हस्तशिल्प और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी न किसी परिवार की आय बढ़ाने में योगदान देती है। विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों से उत्पाद खरीदने से महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपने हुनर को आर्थिक गतिविधि में बदलने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मजबूत स्थानीय बाजार राज्य की अर्थव्यवस्था को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देशभर में स्थानीय उत्पादों के प्रति विश्वास और आकर्षण बढ़ाया है। उत्तराखण्ड में भी राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों की खरीद को अपनी प्राथमिकता बनाएं और परिवार, मित्रों एवं अन्य लोगों को भी स्थानीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ‘आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के हुनर और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़कर न केवल महिला सशक्तिकरण को गति दी जा सकती है, बल्कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान की जा सकती है।