उत्तराखंड में मानसून के बाद युद्धस्तर पर होंगे सड़क सुधार कार्य, कैबिनेट में बनी व्यापक योजना

0
5

Uttarakhand Road Repair: Post-Monsoon Works to Begin on War Footing

मानसून के बाद प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर होगी, कैबिनेट में बनी व्यापक कार्ययोजना

पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी आवश्यक धनराशि, स्थानीय निकायों को भी मिलेगा सड़क सुधार का बजट

निविदा प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश, अक्टूबर से मुख्यमंत्री करेंगे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर में सड़कों की स्थिति और उनके व्यापक सुधार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने तथा मानसून समाप्त होते ही सड़क सुधार के कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) तथा विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों की आवश्यकताओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार करें।

पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों के सुधार पर विशेष जोर

कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव पर्याप्त रूप से नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क लोगों की दैनिक जरूरतों के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारभूत आवश्यकता है। इसलिए जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उनके सुधार में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मानसून के बाद एक साथ शुरू हों सड़क सुधार के काम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होने का इंतजार करते हुए निविदा प्रक्रिया में देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अभी से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें और निविदा प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करें, ताकि बारिश का दौर समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क निर्माण, मरम्मत एवं सुधार कार्य एक साथ शुरू किए जा सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुधार कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय निकायों को उपलब्ध कराए जाएंगे आवश्यक संसाधन

बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय निकायों की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि शहरों और कस्बों में सड़क मरम्मत एवं सुधार के कार्य प्रभावी ढंग से किए जा सकें।

अक्टूबर से सड़क मार्ग से प्रदेश भ्रमण करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे और सड़कों की स्थिति का स्वयं भी जायजा लेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इससे पहले सड़क सुधार के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं और कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने सड़क सुधार से जुड़े कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकार का उद्देश्य मानसून के बाद प्रदेशभर में सड़कों की स्थिति में व्यापक सुधार करते हुए आम लोगों के आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है।