CM Dhami Releases Album on 5 Years of Uttarakhand Development
मुख्यमंत्री ने पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का किया विमोचन
गीत-संगीत के माध्यम से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा तैयार किए गए विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह एल्बम मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल में राज्य में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और उत्तराखण्ड की विकास यात्रा पर आधारित है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक एवं अन्य कलाकारों तथा आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत जैसे रचनात्मक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का विशेष फोकस युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने पर है।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, विरासत और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विभिन्न विकास कार्यों तथा जनहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायकों विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी, संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े अन्य कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट, सपना जवाड़ी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





