टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए CM धामी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

0
10

CM Dhami Joins Tapkeshwar Mahadev Procession in Dehradun

टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 

पूजा-अर्चना कर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के सहारनपुर चौक में आयोजित भगवान टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज तथा टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजनों और पारंपरिक उत्सवों के माध्यम से इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आस्था, एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ी हुई है और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से इस विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े सभी संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों, टपकेश्वर सेवा दल तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सदैव प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखण्ड निरंतर विकास, प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक उत्सव में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।