Chakrata Road Accident: Car Falls into Gorge, 5 Injured | Uttarakhand
चकराता में बड़ा सड़क हादसा: कार 35 मीटर गहरी खाई में गिरी, पांच घायल; दो की हालत गंभीर
देहरादून। उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहिया से पहले लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 से 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की रेस्क्यू टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर रेस्क्यू टीम ने देखा कि कार सड़क से करीब 30-35 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। हादसे के कारण सभी लोग घायल हो गए थे। इनमें दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें बताई गईं।
एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय करते हुए बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक सभी घायलों तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद पांचों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।





