मथुरा में CM धामी ने किया गौशाला के प्रकल्पों का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- गौ संरक्षण से समृद्ध होंगे किसान

0
8

CM Dhami Inaugurates Gaushala Projects in Mathura

मथुरा में CM धामी ने किया दीनदयाल कामधेनु गौशाला के प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास, गौ संरक्षण को बताया ग्रामीण समृद्धि का आधार

 

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami inaugurated and laid foundation stones for Deendayal Kamdhenu Gaushala projects in Mathura, highlighting cow protection, rural prosperity and Haripur-Kalsi’s spiritual significance.

 

गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की आय : मुख्यमंत्री धामी

 

गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, पशु चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने पर दिया जोर

 

हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही उत्तराखण्ड सरकार

 

मथुरा, 28 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह क्षेत्र स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण, भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राकृतिक खेती और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान को एक-दूसरे से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।

 

गौ संरक्षण केवल आस्था नहीं, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान समृद्धि का आधार

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की पावन भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी भूमि से संपूर्ण मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती, कृषि आधारित आजीविका और किसानों की समृद्धि से है। गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही पारंपरिक कृषि व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति गौ सेवा और संरक्षण के विचार को व्यावहारिक रूप देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

 

प्राचीन भारतीय ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति ने गौ सेवा को केवल गोवंश के संरक्षण तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि हमारी प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिलना चाहिए। इसके माध्यम से गोवंश के संरक्षण, संवर्धन, पशु चिकित्सा और पंचगव्य अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। ऐसे प्रयास भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को इससे जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य में पशु चिकित्सा, आयुर्वेद, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेंगे। यहां से शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा शोधार्थी नए विचारों और अनुसंधान के माध्यम से इस क्षेत्र को आगे बढ़ाएंगे।

 

हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि को आपस में जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को भी सिंचित करती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के हरिपुर-कालसी का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के पवित्र जल में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है। हाल ही में इसका लोकार्पण भी किया गया है। इसके साथ ही वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में सम्मिलित होने का आमंत्रण भी दिया।

 

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस कार्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन तथा पारंपरिक ज्ञान और अनुसंधान को नई दिशा देना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा गौ सेवा, शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और कार्यक्रम से जुड़े सभी सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

 

कई प्रमुख संत और गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी, गौ सेवक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।