Overseas Employment Opportunities: विदेशी रोजगार की मांग के अनुरूप उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण

0
7

CM Dhami: Skill & Language Training for Uttarakhand Youth for Global Jobs

 

CM Pushkar Singh Dhami directs officials to align skill and language training with global job demand and coordinate with Indian missions to expand overseas employment opportunities for Uttarakhand youth.

 

विदेशों में रोजगार की मांग के अनुरूप उत्तराखंड के युवाओं को मिले कौशल और भाषा प्रशिक्षण : मुख्यमंत्री धामी

भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय कर विदेशों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी जुटाने के निर्देश

जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, लॉजिस्टिक्स, फार्मा समेत विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून, 31 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेशों में कुशल मानव संसाधन की मांग वाले क्षेत्रों की नियमित जानकारी जुटाई जाए और संबंधित देशों में स्थित भारतीय मिशनों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। युवाओं को इन रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए उनकी आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकास के साथ आवश्यक विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा से मुलाकात कर रहे थे। बैठक में संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार किए जाएं युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, तो वे विदेशों में उपलब्ध रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न देशों में किन क्षेत्रों में रोजगार की मांग अधिक है, किस प्रकार के कौशल की आवश्यकता है और किन भाषाओं का ज्ञान जरूरी है, इसका व्यवस्थित आकलन किया जाए। इसके आधार पर युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएं, ताकि प्रशिक्षण और रोजगार की मांग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय मिशनों के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर उसे राज्य के युवाओं तक पहुंचाया जाए। इसके लिए एक प्रभावी और सुनियोजित कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।

उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि विभिन्न देशों से उत्तराखंड आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के सफल होम स्टे मॉडल का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाए।

उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड की स्थानीय अर्थव्यवस्था, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में भी उत्तराखंड में व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में राज्य की विशिष्ट क्षमताओं और उपलब्ध अवसरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

 

Global Job Opportunities

जाम्बिया में शिक्षा और कृषि क्षेत्र में अवसर

जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। विशेष रूप से शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में भारतीय युवाओं के लिए कार्य के अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि जाम्बिया में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनकी विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार को इस दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

जमैका में नर्सिंग और स्वास्थ्य क्षेत्र में मांग

जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्रों में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की मांग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।

इथियोपिया में मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स और फार्मा में संभावनाएं

इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि वहां प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं हैं। इसके अलावा फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर सेक्टर में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने राज्य के युवाओं को इन क्षेत्रों में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जानकारी साझा की।

युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उत्तराखंड के युवाओं को मिले, इसके लिए वैश्विक स्तर पर मांग वाले कौशल की पहचान, लक्षित प्रशिक्षण, भाषा दक्षता और भारतीय मिशनों के साथ समन्वय को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न देशों की आवश्यकताओं का अध्ययन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए ठोस और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही विदेशों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की प्रमाणिक जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए व्यवस्थित तंत्र विकसित किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।