देहरादून में SIR की समीक्षा: 96% से अधिक मामलों में सुनवाई पूरी, 5.47 लाख नोटिस जारी

0
8

Dehradun SIR: 96% Hearings Completed | Electoral Roll Revision

 

Dehradun SIR review: Hearings completed in over 96% of 547,942 notice cases. A total of 59,978 claims and objections were received.

देहरादून में एसआईआर की समीक्षा: जारी नोटिसों के 96 प्रतिशत से अधिक मामलों में सुनवाई पूरी

10 विधानसभा क्षेत्रों में 11.90 लाख मतदाताओं का ड्राफ्ट रोल तैयार; एनोमली और नो-मैपिंग से जुड़े 5.47 लाख मामलों में नोटिस जारी

 

देहरादून, 31 अगस्त 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने की।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में सामने आए एनोमली (Anomalies) और नो-मैपिंग (No Mapping) से संबंधित मामलों, मतदाताओं को जारी नोटिस तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि देहरादून जिले के 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11,90,805 मतदाताओं का ड्राफ्ट रोल तैयार किया गया है। इनमें 3,95,772 मतदाताओं के विवरण में एनोमली तथा 1,52,170 मतदाताओं के नो-मैपिंग से संबंधित मामले सामने आए हैं। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 5,47,942 मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जारी नोटिसों के सापेक्ष 5.25 लाख से अधिक मामलों में सुनवाई पूरी की जा चुकी है। इस प्रकार अब तक 96 प्रतिशत से अधिक मामलों की सुनवाई पूर्ण हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष मामलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई और आवश्यक कार्रवाई को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से एनोमली एवं नो-मैपिंग से जुड़े मामलों में उपलब्ध अभिलेखों का समुचित सत्यापन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।

59,978 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त

बैठक में 15 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक प्राप्त प्रारूप-6, प्रारूप-7 और प्रारूप-8 के दावों एवं आपत्तियों की भी समीक्षा की गई। इस अवधि में कुल 59,978 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें:

  • प्रारूप-6: 39,025 आवेदन
  • प्रारूप-7: 10,235 आवेदन
  • प्रारूप-8: 10,718 आवेदन

 

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई हो और किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो।

उन्होंने क्षेत्र में तैनात कार्मिकों के कार्य की नियमित निगरानी करने तथा एसआईआर से संबंधित सभी गतिविधियों में निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से सुनील जायसवाल, बसपा से सतेन्द्र सिंह, भीम राव एवं सतेन्द्र चोपड़ा सहित संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।