Baba Ramdev met CM Pushkar Singh Dhami and discussed promoting yoga, Ayurveda, natural healing and wellness tourism in Uttarakhand.
मुख्यमंत्री धामी से बाबा रामदेव की मुलाकात, योग-आयुर्वेद और वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देने पर चर्चा
देहरादून। योगगुरु बाबा रामदेव ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड के विकास, योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल देवभूमि के रूप में ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की भूमि के रूप में भी है। राज्य सरकार प्रदेश की इस विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ उत्तराखंड में स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में वेलनेस, योग एवं आयुर्वेद आधारित पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और सरकार इन क्षेत्रों के विकास के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी वातावरण और आध्यात्मिक विरासत राज्य को योग एवं वेलनेस के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अनुकूल आधार प्रदान करती है। योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़कर युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
बाबा रामदेव ने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालयी वातावरण, प्राकृतिक संपदा और प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत उत्तराखंड को योग एवं आयुर्वेद के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की क्षमता रखती है।
मुख्यमंत्री और बाबा रामदेव के बीच हुई इस मुलाकात में उत्तराखंड की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को आधुनिक आवश्यकताओं से जोड़ने तथा प्रदेश को योग, आयुर्वेद और वेलनेस के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।




