Dehradun Single-Use Plastic Crackdown: 19 Kg Seized, ₹9,500 Fine
Dehradun administration inspected 38 establishments in Turner Road and seized around 19 kg of banned single-use plastic. Six establishments were fined ₹9,500.
सिंगल यूज प्लास्टिक पर देहरादून प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 38 प्रतिष्ठानों की जांच; 19 किलो प्लास्टिक जब्त, ₹9,500 जुर्माना
टर्नर रोड वार्ड-78 में ताबड़तोड़ छापेमारी, 6 प्रतिष्ठानों पर लगाया गया अर्थदंड; व्यापारियों और आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
देहरादून।
देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। पर्यावरण संरक्षण और शहर को प्रतिबंधित प्लास्टिक से मुक्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में सघन निरीक्षण, छापेमारी और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को देहरादून के वार्ड-78 टर्नर रोड स्थित मुन्नी चौक और आईएसबीटी बस स्टैंड मार्केट में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी और नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र के 38 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
6 प्रतिष्ठानों से करीब 19 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
निरीक्षण के दौरान 6 प्रतिष्ठानों में करीब 19 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक को मौके पर जब्त करते हुए कुल 9,500 रुपये का अर्थदंड वसूला।
प्रशासन की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल न किया जाए। नियमों का उल्लंघन दोबारा पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एक्सपायर लाइसेंस पर मांस बिक्री, निगम से लाइसेंस लेने की हिदायत
अभियान के दौरान एक मांस विक्रेता समाप्त हो चुके लाइसेंस के साथ मांस विक्रय करते हुए पाया गया। टीम ने संबंधित विक्रेता को नगर निगम से वैध लाइसेंस प्राप्त करने की हिदायत दी और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दंड के साथ जागरूकता पर भी जोर
जिला प्रशासन की टीम ने अभियान के दौरान केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए स्थानीय व्यापारियों और आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया।
जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी और सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सैनी ने लोगों को बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ नालियों की सफाई व्यवस्था और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर समस्या पैदा करता है। लोगों से प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।
निरीक्षण अभियान में नगर निगम वार्ड-78 के सुपरवाइजर अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
50 सेक्टर अधिकारियों के जरिए लगातार निगरानी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून नगर निगम के विभिन्न वार्डों में नामित 50 सेक्टर अधिकारी सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और बिक्री पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण, छापेमारी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि देहरादून को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने तक अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






