Badrinath-Kedarnath Master Plan Review, 6 Buildings Prioritized
बद्रीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, केदारनाथ में सेंट्रल स्ट्रीट की 6 बिल्डिंग्स को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश
देहरादून, 24 सितंबर 2026।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में बद्रीनाथ धाम एवं केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों, एसेट हैंडओवर, निर्माण की समयसीमा तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सेंट्रल स्ट्रीट के अंतर्गत छह भवनों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए इनके निर्माण कार्य यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ आवश्यक एग्रीमेंट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को इन कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा सकें।
मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर निर्माण पर सख्ती
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने इस संबंध में तत्काल शासनादेश (जीओ) जारी करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से फ्रैजाइल एवं एवलॉन्च-प्रोन क्षेत्रों में किसी भी एजेंसी द्वारा निर्माण कार्य की अनुमति नहीं देने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के दौरान सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभागों और एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 की भी समीक्षा
मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के फेज-1 एवं फेज-2 के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बद्रीनाथ धाम में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को लगभग 15 दिनों में प्रारंभ किए जाने की योजना है। इस पर मुख्य सचिव ने अस्पताल को निर्धारित समयसीमा में शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता, सुरक्षा और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेन्द्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना एवं अभिषेक रोहिला सहित संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।







